मुरादाबाद मुरादाबाद में प्रशासन ने गुरुवार दोपहर 1:00 से शाम 6:00 बजे के बीच बारी-बारी से विभिन्न थाना क्षेत्रों में दो से तीन घंटे तक कफ्र्यू में ढील दी। लेकिन उपद्रवी तत्वों पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। सुबह जहां कटघर के मकबरा इलाके में कफ्र्यू का उल्लंघन करते हुए बाहर निकली भीड़ ने पथराव कर दिया, वहीं शाम ढलते ही केजीके कॉलेज के पास एक धर्मस्थल पर धावा बोलकर क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई। कांवडि़यों के रास्ते को लेकर बवाल के बाद दो दिन से यहां हालात तनावपूर्ण हैं। बुधवार रात पूरी तरह शांति से गुजरने के बाद जिला प्रशासन गुरुवार सुबह कफ्र्यू में ढील का इरादा बना ही रहा था कि कटघर में मकबरा इलाके में कुछ लोग कफ्र्यू तोड़कर बाहर निकल आए। तत्काल अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई, जिसने लाठियां फटकारकर लोगों को घरों के भीतर तक खदेड़ा। इसके बाद दोपहर तक हालात पूरी तरह सामान्य रहने के बाद प्रशासन की ओर से थानावार कर्फ्यू में ढील का एलान किया गया। इसकी शुरुआत गलशहीद थाना क्षेत्र से हुई। महानगर के तीन अन्य बड़े थाना क्षेत्र कोतवाली, मुगलपुरा और नागफनी में कफ्र्यू हटाया गया। कटघर और मझोला थाना क्षेत्र में दो घंटे के लिए कफ्र्यू में ढील दी गई। इस दौरान हर इलाके में लोगों ने जरूरी सामान की खरीदारी की। शाम 6:00 बजे कफ्र्यू में ढील खत्म होने के बाद लाइनपार केजीके कॉलेज के पास कुछ युवकों ने एक धर्मस्थल को क्षति पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि तत्काल ही नजदीक रहने वाले अमन पसंद लोग सक्रिय हो गए और कुछ मिनट में पहुंची फोर्स ने पूरे इलाके की नाकेबंदी के साथ सर्च शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास से कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया। डीएम समीर वर्मा ने हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए कहा कि फिलहाल कफ्र्यू जारी रहेगा। हालात के मुताबिक इसमें ढील का फैसला किया जाएगा। प्रशासन ने शुक्रवार को जुमे की नमाज की तैयारियों पर भी विचार शुरू कर दिया है। बता दें कि बुधवार को बवाल बढ़ने के बाद प्रशासन ने छह थाना क्षेत्रों में कफ्र्यू लगा दिया था।
No comments:
Post a Comment