जांच में जुटी पुलिस, एक लाख पर 12 सौ रुपए रोजाना रिटर्न के लालच में फंस गए लोग
नोएडा,विदेशी इन्वेस्टमेंट कम्पनी द्वारा करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। कम्पनी ने एक लाख रुपए पर रोजाना करीब 12 सौ रुपए का रिटर्न देने को कहा था। कम्पनी का दफ्तर सेक्टर-58 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-62 स्थित कोरेंथम टॉवर में है। कम्पनी पिछले साल मार्च से काम कर रही है। फिलहाल सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस को 15 लोगों ने शिकायत दी है। उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायत की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी भी इस बात को मान रहे हैं कि घोटाला करोड़ों में हो सकता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ठगी का शिकार हुए लोगों की संख्या बढ़ सकती है। सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस के मुताबिक एंडमार्क फॉरेक्स सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड नाम की कम्पनी के बारे में शिकायत मिली है। इस कम्पनी ने अपना दफ्तर पिछले साल मार्च में सेक्टर-18 के ओशियन प्लाजा में खोला था। सितम्बर में यह दफ्तर सेक्टर-62 स्थित कोरेंथम टॉवर में शिफ्ट हो गया। कम्पनी ने अपनी वेबसाइट, प्रमोशनल एसएमएस और अखबारों में विज्ञापन देकर लुभावनी स्कीमों में निवेश करने का झांसा दिया। कम्पनी ने निवेशकर्ताओं से कहा कि एक लाख के निवेश पर प्रतिदिन 12 सौ रुपए का रिटर्न मिलेगा। इसके अलावा टेन्योर पूरा होने पर जमा की गई रकम पर पांच गुना तक रिटर्न देने का वादा किया था। कम्पनी की किसी भी स्कीम में 50 हजार रुपए से कम की रकम नहीं लगाई जा सकती थी। लुभावनी स्कीम के झांसे में आकर लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई के लाखों रुपए लगा दिए। रिटर्न नहीं मिला तो लोग पूछताछ करने कम्पनी के दफ्तर पहुंचे। शनिवार व रविवार का दफ्तर बंद रहता है। सोमवार को लोग पहुंचे तो दफ्तर के गेट पर ताला लगा हुआ था। यह देखकर लोगों का माथा ठनका और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी अमिताभ यश ने बताया कि जिस तरह से पीड़ित बता रहे हैं उससे लगता है कि यह मामला करोड़ों की ठगी का हो सकता है। इसमें कितने लोग शामिल हैं और यह कम्पनी कहां से ऑपरेट करती थी इसकी जांच की जा रही है। सभी लोगों की शिकायतों को दर्ज करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की संख्या बढ़ सकती है।
आईएसओ सर्टिफाइड होने का किया था दावा
कम्पनी की वेबसाइट पर दावा किया गया है कि वह आईएसओ 9001 : 2008 सर्टिफाइड है। इसके अलावा मिनिस्ट्री ऑफ कारपोरेट अफेयर्स में रजिस्र्टड है। इतना ही नहीं कम्पनी ने कम्पनीज एक्ट के तहत भी रजिस्र्टड होने का दावा किया है। वेबसाइट पर बताया गया है कि कम्पनी का मुख्यालय यूके में है। इसके दफ्तर अमेरिका, हांगकांग और भारत में हैं। वेबसाइट पर इन देशों में मौजूद दफ्तरों के टेलीफोन नम्बर दिए गए हैं। इन पर सम्पर्क करने की कोशिश की गई लेकिन फोन नहीं उठे।
लुभावनी स्कीमों के झांसे में आए
एंडमार्क कम्पनी की वेबसाइट पर तमाम लुभावनी स्कीमों की जानकारी दी गई है। ट्रेडिंग डेज के मुताबिक मिलने वाले रिटर्न के बारे में बताया गया है। कम से कम 50 हजार का निवेश करने की बात कही गई है। पीड़ित अभय और आकाश वर्मा के मुताबिक 50 हजार रुपए निवेश करने पर 1 हजार रुपए रजिस्ट्रेशन फीस लगती थी। इसके बाद प्रत्येक ट्रेडिंग डे में .75 प्रतिशत रिटर्न देने की बात कही गई है। इस तरह रोजाना 50 हजार के निवेश पर 550 रुपए रोजाना रिटर्न और एक लाख के निवेश पर 12 सौ रुपए रोजान रिटर्न मिलने की बात कही गई है।
पहले भी ठगा है ऐसी कम्पनियों ने
कुछ माह पहले दो इन्वेस्टमेंट कम्पनियां लोगों के करोड़ों रुपए लेकर फरार हो चुकी हैं। इसके बावजूद लोग पैसा लगाने से परहेज नहीं करते। एंडमार्क कम्पनी की प्रोफाइल जाने बगैर लोगों ने महज विज्ञापन और वेबसाइट देखकर निवेश किया। पीड़ितों में कई ऐसे लोग थे जिन्होंने बैंकों से लोन लेकर कम्पनी में निवेश किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तमाम ऐसे भी लोग हो सकते हैं जिन्होंने अपने काले धन को कम्पनी में निवेश किया होगा। इस कम्पनी ने भी वेबसाइट पर भी अपने अधिकारियों के बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया है।
No comments:
Post a Comment