एटा दो सगे भाइयों ने अपने साथी की मदद से पहले महिला की अस्मत लूटी, फिर भेद खुलने के भय से उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ को पुलिस की टीमें दबिशें दे रहीं हैं। वहीं संगीन वारदात में लापरवाही के चलते थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह घटना जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव सभापुर में रविवार की रात करीब 11.30 बजे हुई। गांव निवासी शिशुपाल सिंह दिल्ली में बोरिंग का काम करता है। उसकी 35 वर्षीय पत्नी अनारकली अपने पुत्र हृदेश और बेटी नीरज के साथ गांव में रहती थी। आरोप है कि रात को मौका पाकर पड़ोसी सुमन कुमार, सुनील कुमार (दोनों सगे भाई) अपने साथी गांव के ही रवीश कुमार समेत अनारकली के घर पर आ धमके। यहां तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर भेद खुल जाने के डर से तीनों आरोपियों ने पहले महिला के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़का, फिर आग के हवाले कर भाग गए। पड़ोस में रह रहे जेठ अनार सिंह अनारकली की चीख-पुकार सुनकर परिजनों समेत मौके पर पहुंचे। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक अनारकली गंभीर रूप से जल चुकी थी। रात्रि करीब 12:30 बजे घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसके कलमबंद बयान भी दर्ज हुए। उसके कुछ देर बाद ही महिला की सांसें थम गईं। इस वीभत्स घटना की जानकारी मिलते ही अलीगढ़ परिक्षेत्र के डीआइजी वीपी त्रिपाठी, एसएसपी लक्ष्मीनारायण समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के भाई पिलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम दरबपुर निवासी अनिल कुमार की तहरीर पर सुमन, सुनील और रवीश के विरुद्ध दुष्कर्म के बाद जलाकर मारने का अभियोग दर्ज कर लिया है। सीतापुर में बलात्कार के बाद मासूम की हत्या सीतापुर, जागरण संवाददाता : यहां मदरसा से लौटते समय एक मासूम की दुराचार के बाद दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र में शाम को शव पाए जाने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस देर रात तक छानबीन में जुटी थी। सदरपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर के सरफुद्दीन की 10 वर्षीय पुत्री सालिया बानो भाई मेराज के साथ बखरिया गांव के मदरसा में गई थी। दोपहर को जब छुट्टी हुई तो बारिश होने के चलते सालिया बखरिया गांव में ही रहने वाले फूफा मजीद के घर चली गई, जबकि भाई मेराज रघुनाथपुर चला आया। बारिश बंद हुई तो सालिया बानो अकेले ही घर के लिए चली गई। उधर, शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिवारीजन बेचैन हुए। तलाश करने का मन बना ही रहे थे कि तभी गांव के ही नारायन ने बताया उसके गन्ना के खेत में सालिया बानो की लाश पड़ी है। आशंका है कि दुराचार करते समय ही गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। मौके पर पहुंचे पुलिस उपनिरीक्षक हरिकेश प्रताप पाठक ने बताया दुराचार के कारण ही बालिका की मौत हुई है। देर रात पुलिस शव कब्जे में लेकर थाने चली गई। तनाव को देखते हुए घटना स्थल पर पुलिस तैनात कर दी गई।
उप्र के मुख्य सचिव की नजर में छिटपुट हैं दुष्कर्म की घटनाएं : महज हफ्ते भर के भीतर ही उत्तर प्रदेश में नाबालिग लड़कियों व महिलाओं से दुष्कर्म की कई घटनाओं को लेकर मायावती सरकार भले ही सबके निशाने पर हो, लेकिन राज्य के मुख्य सचिव अनूप मिश्र की नजर में ये छिटपुट घटनाएं हैं। फिर भी शासन उन पर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। मुख्य सचिव ने सोमवार को यहां केंद्रीय योजना आयोग में प्रदेश की वार्षिक योजना की बैठक के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। यह पूछे जाने पर कि महज 24 घंटे के भीतर ही लड़कियों व महिलाओं से दुष्कर्म की लगभग आधा दर्जन घटनाएं हुई हैं, जो प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं, उन्होंने कहा बीते दिनों में जो छिटपुट घटनाएं हुई हैं, प्रदेश शासन उन पर विशेष रूप से ध्यान दे रहा है। जो भी दोषी होंगे, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment